FeaturedUttarakhand News

चेन छीनने का प्रयास, एक आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

इलम सिंह चौहान

विकासनगर, 09 अप्रैल।
कोतवाली विकासनगर क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन छीनने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 8 अप्रैल की शाम ऋषभ पुत्र स्काईलेब, निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून, अपनी पत्नी के साथ पोंटा साहिब (हिमाचल प्रदेश) से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे विकासनगर क्षेत्र में पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपियों ने पीछे बैठी महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया।
अचानक हुए इस हमले से दंपत्ति घबरा गए, लेकिन उन्होंने साहस का परिचय देते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक भागने में सफल हो गया। पकड़े गए आरोपी को तुरंत पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आसिक पुत्र जाबिर, निवासी हरिपुर कालसी, थाना कालसी, जिला देहरादून (उम्र लगभग 30 वर्ष) बताया। आरोपी के खिलाफ थाना विकासनगर में मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 धारा 304(2)/62 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह और उसका साथी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए राह चलते लोगों को निशाना बनाते हैं। आरोपी ने स्वीकार किया कि वे लोगों के मोबाइल फोन, गले की चेन और कानों के गहने छीनने जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। घटना वाले दिन भी दोनों इसी मंशा से हरबर्टपुर और ढालीपुर क्षेत्र में घूम रहे थे और महिला को निशाना बनाकर चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (नंबर DL 3S EN 9798) को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button