FeaturedUttarakhand News

कार्यकर्ताओं में उत्साह, मिलेगा रणनीतिक मार्गदर्शन : चौहान

देहरादून, 22 मई। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि इस दौरान बूथ से लेकर मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष को पार्टी की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चौहान ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 मई को तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे संगठन और सरकार की विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेकर प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों एवं सांगठनिक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

उन्होंने बताया कि जमीनी स्तर पर चल रहे संगठनात्मक कार्यों, राजनीतिक परिस्थितियों और रणनीतिक योजनाओं की जानकारी देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष की बूथ, मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश पदाधिकारी बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें जिला प्रभारी, सह प्रभारी और जिला अध्यक्ष शामिल रहेंगे।

चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश कोर ग्रुप तथा राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ भी बैठक करेंगे और राज्य में चल रहे विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी लेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नवीन 30 मई को अपना उत्तराखंड प्रवास पूरा कर दिल्ली लौटेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को सादगी और गरिमा के साथ आयोजित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह वर्ष प्रदेश में चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं और संगठन की सक्रियता के बल पर भाजपा ने अब तक सभी चुनावी चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार किया है। लोकसभा, पंचायत और निकाय चुनावों में पार्टी ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पांच राज्यों में मिली जीत तथा पश्चिम बंगाल में भाजपा के बढ़ते जनाधार से कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा है। ऐसे में 2027 के चुनावी समर की रणनीतिक तैयारियों के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी कार्यकर्ताओं के जोश को नई ऊर्जा देने का काम करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button