FeaturedUttarakhand News

कालसी वन प्रभाग में धरना तेज, प्रीतम सिंह ने उठाया मुद्दा; जल्द समाधान की मांग

कालसी। चकराता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भूमि संरक्षण वन प्रभाग, कालसी मुख्यालय परिसर में दैनिक वन कर्मचारी संघ के श्रमिकों का अनिश्चितकालीन धरना लगातार तेज होता जा रहा है। बीते 21 अप्रैल से जारी इस आंदोलन में श्रमिक बकाया वेतन के भुगतान, हटाए गए कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति, मानदेय को मासिक आधार पर देने और सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर डटे हुए हैं।

धरनारत कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। साथ ही कई श्रमिकों को बिना स्पष्ट कारण काम से हटाए जाने पर भी आक्रोश है।

इसी बीच चकराता विधायक एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह धरना स्थल पहुंचे और श्रमिकों की समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को पूरी तरह जायज बताते हुए आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाएंगे।

विधायक ने कालसी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) से मुलाकात कर श्रमिकों की समस्याओं पर वार्ता की और बकाया वेतन सहित अन्य मांगों के शीघ्र समाधान की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों की अनदेखी किसी भी हाल में उचित नहीं है और सरकार को तत्काल हस्तक्षेप कर प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

धरनारत श्रमिकों ने भी साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे में अब सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button