FeaturedUttarakhand News

बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात- गणेश गोदियाल

देहरादून, 14 मई।

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को पत्र लिखकर देश में लगातार सामने आ रहे प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाएँ युवाओं के हितों पर सीधा कुठाराघात हैं तथा इससे परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया कमेटी के चेयरमैन राजीव महर्षि ने विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि श्री गणेश गोदियाल ने अपने पत्र में कहा है कि देश की सबसे महत्वपूर्ण चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों ने लाखों विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का विश्वास गंभीर रूप से प्रभावित किया है। यह केवल एक परीक्षा में गड़बड़ी का मामला नहीं है, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने कहा कि वर्षों की कठिन मेहनत, आर्थिक संसाधनों और मानसिक दबाव के बीच परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ इस प्रकार का खिलवाड़ अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। आज देश का युवा दिन-रात मेहनत करके अपने भविष्य के सपने देखता है, लेकिन जब परीक्षाओं की गोपनीयता ही सुरक्षित न रहे तो प्रतिभाशाली और ईमानदार छात्रों का मनोबल टूटना स्वाभाविक है।

श्री गोदियाल ने कहा कि केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पारदर्शी एवं मजबूत परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। गत वर्षों में नीट तथा उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग सहित अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, सॉल्वर गैंग, फर्जी परीक्षार्थियों और परीक्षा केंद्रों में अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं, जिनमें सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों की संलिप्तता गंभीर चिंता का विषय है। इन घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा प्रणाली में गंभीर खामियाँ मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक राष्ट्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सरकार और परीक्षा एजेंसियों की नैतिक एवं संवैधानिक जिम्मेदारी है। यदि प्रतिभाशाली और मेहनती विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलेगा तो युवाओं का व्यवस्था से विश्वास उठना स्वाभाविक है। नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में जिन लोगों ने पैसे और प्रभाव के दम पर मेहनती विद्यार्थियों के अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया है, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

गणेश गोदियाल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से निम्न मांगें की हैं :

नीट परीक्षा में हुए सभी पेपर लीक एवं अनियमितताओं की माननीय सर्वोच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए।

परीक्षा संचालन में शामिल दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संगठित गिरोहों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

परीक्षा केंद्रों पर आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की जाए, जिसमें लाइव सीसीटीवी मॉनिटरिंग एवं बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य हो।

परीक्षा प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने हेतु स्वतंत्र निगरानी तंत्र स्थापित किया जाए।

प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा हेतु आवश्यक होने पर पुनः परीक्षा आयोजित की जाए।

भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक रोकने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सख्त कानून बनाया जाए।

गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी छात्रों के साथ खड़ी है और केंद्र सरकार से अपेक्षा करती है कि भविष्य में आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाएँ पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएँ, ताकि युवाओं का विश्वास लोकतांत्रिक व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली पर बना रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button