मालरोड सौदर्यीकरण कार्य में विभागों की लापरवाही पर आवाज उठाने के लिए गीता कुमाई का धन्यवाद किया।
मसूरी। महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पालिका सभासद जसबीर कौर ने मालरोड के कार्य में की जा रही हीला हवाली व लापरवाही के खिलाफ आवाज मुखर करते हुए लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम एवं नगर प्रशासन पर आरोप लगाया कि उनकी गलतियों व कमियों की सजा मसूरी के व्यवसायी, रिक्शा चालक, आम जनता व पर्यटक भुगत रहे हैं। उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा मसूरी की अध्यक्ष गीता कुमाई का धन्यवाद किया कि उन्होंने कम से कम आवाज तो उठाई। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मालरोड के सौदर्यीकरण का कार्य एमडीडीए, लोक निर्माण विभाग, जल निगम के माध्यम से किया जा रहा है लेकिन चार महीना बीतने पर भी कार्य में प्रगति नजर नहीं आ रही है। जिसके कारण व्यापारी, रिक्शा चालक, स्कूल जाने वाले बच्चे, स्थानीय जनता व पर्यटको को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आये दिन मालरोड की खुदाई से लोग चोटिल हो रहे हैं व दुर्घटनाएं हो रही हैं। लाइब्रेरी में एक चालक की जान चली गई वहीं मौके पर भी कोई अधिकारी नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है परंतु कार्य बहुत ही धीमी गति से चल रहा है आश्चर्य की बात है कि अब स्थानीय जनता के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी परेशान हो चुके हैं और अपनी ही सरकार एवं शासन प्रशासन के खिलाफ मुखर हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा मसूरी मंडल की अध्यक्ष गीता कुमाई का धन्यवाद किया कि कम से कम उन्होंने तो मालरोड पर हो रही परेशानियों पर आवाज उठाई इससे साफ जाहिर हैै कि कहीं न कहीं प्रदेश सरकार फेल होती जा रही है। वहीं उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता कुमाई के द्वारा बैरियर बंद करने की बात कही जो ठीक नहीं है इससे व्यापारियों का कार्य प्रभावित होगा व उनकी रोजी रोटी पर असर पडेंगा। वहीं उन्होंने यमुना पेयजल योजना पर कहा कि यह तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत की देन है जिसका श्रेय भाजपा ले रहीे है।