ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025 के तहत चलाए जा रहे अभियान में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना विकासनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1.505 किलो चरस बरामद की, जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
पहाड़ से लाकर करते थे तस्करी एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एएनटीएफ टीम ने थाना विकासनगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर तीन तस्करों को उस समय पकड़ा जब वे वाहन में चरस लेकर क्षेत्र में पहुंचने वाले थे। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिनेश पुत्र भोपालू निवासी ग्राम जिसऊ घराना, तहसील कालसी (26 वर्ष), कुन्दन चौहान पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम सूर्यो, तहसील कालसी (40 वर्ष) और पंकज पुत्र सरदार सिंह निवासी ग्राम सूर्यो, तहसील कालसी (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे चरस पहाड़ी इलाकों से सस्ते दामों पर लाते हैं और विकासनगर व आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। तीनों को वाहन सहित गिरफ्तार किया गया है।
संयुक्त टीम को मिली सफलता अभियान में एएनटीएफ/एसटीएफ टीम से एसआई दीपक मैठाणी, एएसआई योगेंद्र चौहान, हेडकॉन्स्टेबल मनमोहन, कॉन्स्टेबल रामचंद्र सिंह और दीपक नेगी शामिल रहे। थाना विकासनगर पुलिस से एसआई मयंक त्यागी और कॉन्स्टेबल अमित ने सहयोग किया।
एसएसपी ने की अपील एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी की जानकारी निकटतम पुलिस थाने या एसटीएफ-एएनटीएफ को दें। एसटीएफ हेल्पलाइन नंबर: 0135-2656202, 9412029536