देहरादून, 7 नवंबर। भाजपा परिवार की ओर से हरिद्वार रोड स्थित रिस्पना पुल के समीप एक निजी संस्थान में पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिजनों और समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने उपस्थित पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई दी।
पत्रकारों से संवाद करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे और महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्था की मजबूती में मीडिया की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे दौर में पत्रकार समाज का आईना और उसकी आवाज बनकर सकारात्मक भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने पत्रकारों से प्रदेश और देश के विकास में मार्गदर्शक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने भी पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारों के साथ निरंतर संवाद बना रहता है। समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और समस्याओं पर पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव राजनीति और सरकार के कामकाज को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सभी पत्रकारों के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में उमंग, उल्लास और नई ऊर्जा लेकर आए, जिससे प्रदेश के विकास को गति मिल सके।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, संपूर्ण रावत, कुलदीप रावत, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, हनी पाठक, कमलेश रमन और संपर्क प्रमुख हरीश चमोली सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।