चकराता क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज ग्वासा पुल में सामाजिक सरोकारों को समर्पित लोक पंचायत जौनसार बावर के तत्वाधान में करियर काउंसलिंग का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में विधानसभा के पूर्व सूचना अधिकारी एवं गढ़ बैराठ के संपादक भारत चौहान ने कहा कि जीवन में शॉर्टकट से कोई भी चीज हासिल नहीं होती और ऊंचे मुकाम को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर उसके उद्देश्य की पूर्ति के लिए दिन-रात मेहनत करनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने जौनसार बावर के इतिहास पर भी प्रकाश डाला।
पर्यटन क्षेत्र के प्रमुख व्यवसायी एवं मोहना खत के स्याना जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि छात्रों को न केवल सरकारी नौकरी बल्कि स्वरोजगार के क्षेत्र में भी अवसर तलाशने चाहिए जिससे हम रोजगार देने वाले बन सके।
स्वास्थ्य विभाग के काउंसलर बलवीर रावत ने छात्रों के स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र के साथ होने वाले परिवर्तन के बारे में सजक रहने के लिए कहा। डामटा ग्राम पंचायत के प्रधान अनिल तोमर ने कहा कि युवावस्था में छात्रों को नशे और गलत संगति से दूर रहना चाहिए ताकि वह विभिन्न क्षेत्रों में अपना क्षेत्र का नाम रोशन कर खेल की गतिविधियों में भी प्रतिभाग कर सकें।
इस मौके पर राजकीय इंटर कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य कविता ने कहा कि समय-समय पर इस प्रकार की करियर काउंसलिंग होती रहनी चाहिए, जिससे छात्रों का बौद्धिक और मानसिक विकास होता है। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक शेर सिंह तोमर, शर्मिला चौहान, माया दत्त जोशी, सतपाल चौहान, गंभीर चौहान, प्रीतम सिंह आदि सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।