नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक हालात, जनहित के मुद्दों, संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
नई दिल्ली स्थित 10, राजाजी मार्ग पर आयोजित बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव मौजूद रहे।
उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बताया कि बैठक में प्रदेश के वर्तमान सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य के साथ ही जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक कांग्रेस की पहुंच को प्रभावी बनाने को लेकर भी नेताओं ने विचार साझा किए।
दसौनी के अनुसार, कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड के राजनीतिक हालात और संगठन की तैयारियों को लेकर गंभीर है। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामूहिक नेतृत्व एवं बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसरोकारों को आधार बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।