देहरादून, 25 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशों पर जनपद देहरादून में आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दून पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत देर रात्रि से लेकर सुबह तड़के तक पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की आकस्मिक जांच की।
सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, आंतरिक मार्गों तथा अंतरराज्यीय एवं अंतर्जनपदीय सीमाओं पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की गई तथा संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सत्यापन संबंधी विवरण जुटाए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और चेकिंग अभियान की निगरानी की। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों से भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
दून पुलिस का यह अभियान अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा