संत निरंकारी सत्संग भवन विकास नगर जीवनगढ़ में हुआ रविवारीय सत्संग ब्रह्मज्ञान से मिलती है आंतरिक शांति: महात्मा प्रद्युमन भल्ला
विकासनगर। जीवनगढ़ स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राज पिता जी के आशीर्वाद से रविवार को नियमित रविवारीय सत्संग कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु साध संगत ने भाग लिया और गीत, भजन तथा विचारों के माध्यम से परमात्मा की महिमा का गुणगान किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हरियाणा के कैथल से पधारे ज्ञान प्रचारक महात्मा प्रद्युमन भल्ला जी ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रह्मज्ञान के माध्यम से मनुष्य को आंतरिक शांति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि आत्मा और परमात्मा के मिलन को ही ब्रह्मज्ञान कहा जाता है, और यह ज्ञान केवल सतगुरु की कृपा से प्राप्त होता है।
महात्मा भल्ला ने बताया कि ब्रह्मज्ञान व्यक्ति को संसार के दुख-सुख से परे कर देता है और जीवन की प्रत्येक परिस्थिति में मानसिक संतुलन बनाए रखने की शक्ति देता है। यह ज्ञान न केवल सत्य का बोध कराता है, बल्कि माया से भी मुक्त करता है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मज्ञान मनुष्य को सकारात्मक सोच देता है, जिससे वह जीवन की चुनौतियों का सामना सहजता से कर पाता है।
अपने विचारों में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ब्रह्मज्ञान से व्यक्ति अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण प्राप्त करता है और ईश्वर के साक्षात्कार की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने फरमाया कि ब्रह्मज्ञान प्राप्त करने के लिए सतगुरु की शरण में जाना और उनके बताए मार्ग पर चलना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में संगत ने सद्गुरु का आभार प्रकट किया और समस्त मानव जाति के कल्याण हेतु कामना की।