नई दिल्ली। उत्तराखंड कांग्रेस मीडिया कमेटी के चेयरमैन राजीव महर्षि और उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री अजय सिंह ने नई दिल्ली में कर्नाटक के मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डी.के. शिवकुमार से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी।
भेंट के दौरान संगठनात्मक विषयों और आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। राजीव महर्षि ने उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी देते हुए कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।
राजीव महर्षि और अजय सिंह ने डी.के. शिवकुमार को उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा पर आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत पूरे देश के लिए आस्था का केंद्र है तथा उनके आगमन से प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर राजीव महर्षि ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र डी.के. शिवकुमार से उत्तराखंड आने और कांग्रेस संगठन को मार्गदर्शन देने का आग्रह भी किया। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ उत्तराखंड कांग्रेस को मिलेगा तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में सहायता प्राप्त होगी।
डी.के. शिवकुमार ने उत्तराखंड के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त करते हुए चारधाम यात्रा के निमंत्रण के लिए आभार प्रकट किया और भविष्य में उत्तराखंड आने की सकारात्मक इच्छा जताई। उन्होंने कांग्रेस संगठन की मजबूती तथा आगामी चुनावों में पार्टी की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।