देहरादून। देशभर में पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इसी क्रम में देहरादून को अभियान के लिए चयनित 28 प्रमुख शहरों में शामिल किया गया है। अभियान के तहत अगले 40 दिनों तक व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सोमवार को अभियान से जुड़े 50 सदस्य एक्शन टीम का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान आगामी 40 दिनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान के अंतर्गत कॉर्नर मीटिंग, पंपलेट वितरण, युवा संवाद, संविधान संवाद, कवि सम्मेलन, मुशायरा तथा सप्ताहांत में बड़े युवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के संयोजक पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा भुल्लर ने प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ करते हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया ने प्रशिक्षण देते हुए कहा कि आज देश का सबसे बड़ा संकट केवल बेरोजगारी नहीं, बल्कि युवाओं का व्यवस्था पर से उठता विश्वास है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद जब पेपर लीक होते हैं और परीक्षाएं निरस्त होती हैं तो केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपने टूट जाते हैं।
बैठक में आकांक्षा और रिया कुमारी थापा जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा गया कि ये केवल व्यक्तिगत त्रासदियां नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की विफलता का प्रतीक हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नकल माफिया और भ्रष्टाचार ने युवाओं की मेहनत का मजाक बना दिया है तथा शिक्षा व्यवस्था को वसूली का माध्यम बनाया जा रहा है।
बैठक में राहुल गांधी के कोटा संवाद का उल्लेख करते हुए कहा गया कि कांग्रेस ऐसी शिक्षा व्यवस्था चाहती है, जो युवाओं को सम्मान, अवसर और भरोसा दे। साथ ही 1 अगस्त को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह तथा 9 अगस्त को “दिल्ली चलो-संसद घेराव” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के समापन पर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानकचंद, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी,अशोक राणा,संजय किशोर,जसविंदर गोगी,मोहित उनियाल,विनीत प्रसाद बंटू,ओमप्रकाश सती,अभिनव थापर,मदनलाल, आशीष सैनी,निधि नेगी,पूनम सिंह सहित विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के 50 सदस्य उपस्थित रहे।