FeaturedUttarakhand News

बंद घर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, नशे की लत पूरी करने को वारदात करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दीपक सैलवान।

 देहरादून।

विकासनगर कोतवाली विकासनगर क्षेत्र में बंद घर का दरवाजा तोड़कर चोरी की गई घटना का दून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, 12 हजार रुपये की नकदी, पर्स और वादी का आईडी कार्ड बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को सुन्दर सिंह निवासी ढालीपुर, विकासनगर ने कोतवाली विकासनगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर घर में रखी नगदी और अन्य सामान चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 340/2026, धारा 305ए/331(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के क्षेत्र और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने फुटेज और अन्य माध्यमों से संदिग्ध के संबंध में जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 1 नवंबर को ही मुखबिर की सूचना पर ढालीपुर क्षेत्र से सद्दाम पुत्र इकराम, निवासी 264 ढालीपुर, कोतवाली विकासनगर, उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने बंद घर को निशाना बनाया था। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button