देहरादून। नगर निगम देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने वार्ड संख्या-66 रायपुर का स्थलीय निरीक्षण कर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, जलभराव और नालियों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसमस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
महापौर ने स्थानीय पार्षद कपिल धर के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर साफ-सफाई की स्थिति, जलभराव की समस्या और नालियों की व्यवस्था को देखा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य अनुभाग से मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, इंस्पेक्टर महिपाल और भूपेंद्र सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और जलभराव की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नालियों की नियमित सफाई कराने तथा जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय नागरिकों को जल्द राहत मिल सके। सौरभ थपलियाल ने कहा कि जनसुविधाओं को बेहतर बनाना और देहरादून को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित शहर बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पूरी तत्परता, जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।