देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) टाइप-I, त्यूनी (विकासखण्ड चकराता) के खेल मैदान के समतलीकरण के लिए जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) से ₹10 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें से ₹6 लाख की पहली किस्त जारी कर दी गई है।
जिला प्रशासन जनपद में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दे रहा है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी के सतत प्रयासों से स्कूलों में आधारभूत और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि छात्रों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल मिल सके। बताया गया कि केजीबीवी त्यूनी में पहले से बने खेल मैदान का समतलीकरण बजट के अभाव में नहीं हो सका था। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या के चलते छात्राओं को खेल गतिविधियों में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसको लेकर खण्ड विकास अधिकारी चकराता ने ₹9.40 लाख की अनुमानित लागत का प्रस्ताव दिया था, जिसे डीएमएफ की शासी परिषद ने मंजूरी दे दी। स्वीकृत राशि में से 60 प्रतिशत यानी ₹6 लाख पहली किस्त के रूप में जारी किए गए हैं। शेष 40 प्रतिशत राशि उपयोगिता प्रमाण पत्र और तृतीय पक्ष जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जारी होगी। इस पहल से केजीबीवी त्यूनी की छात्राओं को समतल और सुरक्षित खेल मैदान मिलेगा, जिससे उनके शारीरिक, मानसिक और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, प्रोजेक्ट उत्कर्ष के तहत सरकारी स्कूलों में फर्नीचर, डिजिटल स्क्रीन, पेयजल, बिजली, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।