देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के तत्वावधान में विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा धरना शनिवार को सातवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में बाजू पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के संरक्षक एवं प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वेद, नगर निगम शाखा अध्यक्ष सोनू खैरवाल, सचिव धीरज भारती तथा उपाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
धरने को कई सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिला। एससी-एसटी-ओबीसी वैचारिक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रघुनाथ आर्य ने धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। वहीं भीम आर्मी-आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश कुमार, जिला अध्यक्ष कपिल कुमार एवं उनके साथियों ने भी पवन मित्रों की समस्याओं को लेकर आंदोलन के समर्थन की घोषणा की। इसके अलावा अखिल भारतीय श्री वाल्मीकि नव युवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय गांधी अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पहुंचे और यूनियन पदाधिकारियों को लिखित समर्थन पत्र सौंपा।
दोपहर करीब एक बजे धरना समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी दून अस्पताल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने की मांग की।
धरने और प्रदर्शन में यूनियन की देहरादून महानगर अध्यक्ष कुमारी आरती सहित अरविंद कुमार,अरुण कुमार, तेजपाल,सुनील कुमार, सोना,छाया देवी,सोहनलाल, विमला देवी,कमलेश देवी, सावित्री देवी,श्यामू,राधा, मनोज, विक्रम,गौरव,रीना, बबलू,अमित कुमार,रावत, रामवती, बाला देवी,सौरभ, आसाराम,चमन लाल,मोहन, धर्मवीर, शिवम,उमेश,पूजा, मानव,दीपक,सोनू कुमार, संजय,लक्ष्मी,शिवानी, सुमन,अनीता,सुनीता, शारदा,शुभम,सरिता,विजय,धर्मेंद्र,अशोक,मोहित,मुकेश,लता,रेखा सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।
यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।