FeaturedUttarakhand News

महापौर सौरभ थपलियाल को सौंपा ज्ञापन, 800 रुपये प्रतिदिन मानदेय का शासनादेश जारी करने सहित उठाईं छह मांगें

दीपक सैलवान।

देहरादून, 18 नवंबर। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने बुधवार को देहरादून नगर निगम परिसर में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार (सोनू खैरवाल) और महासचिव धीरज भारती ने किया। इस दौरान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध भी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद यूनियन पदाधिकारियों ने छह सूत्रीय मांग पत्र नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल को सौंपा। इसके साथ ही निदेशक शहरी विकास और नगर आयुक्त देहरादून आलोक कुमार पांडेय को भी ज्ञापन प्रेषित किया गया।

यूनियन ने मांग की कि नगर निगम बोर्ड के प्रस्ताव में पर्यावरण मित्रों का प्रतिदिन 800 रुपये मानदेय स्वीकृत किए जाने के निर्णय का शासनादेश जल्द जारी किया जाए। इसके अलावा बोर्ड में पारित 715 पर्यावरण मित्रों की भर्ती का शासनादेश जारी करने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में अस्थायी, दैनिक वेतनभोगी, संविदा, नाला गैंग, रात्रि गैंग, मोहल्ला स्वच्छता समिति और पर्यावरण मित्रों के विनियमितीकरण के लिए गठित कमेटी की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए। यूनियन ने कहा कि कमेटी की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस संबंध में तत्काल कार्रवाई कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाए।

यूनियन की अन्य मांगों में नियमितीकरण की कटऑफ डेट वर्ष 2018 से बढ़ाकर 2024 करने, स्थायी पर्यावरण मित्रों के वर्ष 2015 के ढांचे में संशोधन कर मृत पदों को बहाल करने तथा नगर निगम के क्षेत्रफल और आबादी के अनुपात में पर्यावरण मित्रों के 3000 नए स्थायी पद स्वीकृत कर उनका शासनादेश जारी करने की मांग शामिल रही।

प्रदर्शन में राजकुमार, सुनील कुमार, अरुण कुमार, अरविंद कुमार, शुभम सौदे, छाया देवी, मुन्नी देवी, विमला देवी, ममता सहित सैकड़ों पर्यावरण मित्र शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button