देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र से एक होनहार छात्र ने अपनी मेहनत और जज्बे से सफलता की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने पूरे इलाके को गौरवान्वित कर दिया है। ब्राइट एंजल्स स्कूल, जीवनगढ़ के छात्र असद अंसारी ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) परीक्षा 2025-26 में ऑल इंडिया रैंक 507 हासिल कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे हर बाधा छोटी पड़ जाती है।
साधारण परिवार से आने वाले असद अंसारी ने सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच अपनी पढ़ाई जारी रखी और अनुशासन, निरंतर अभ्यास तथा दृढ़ संकल्प के बल पर देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
उनका यह सफर संघर्ष, समर्पण और लक्ष्य के प्रति अटूट विश्वास की प्रेरक कहानी है। बचपन से ही भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले असद ने आज उस दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ा दिया है।
असद की इस उपलब्धि से जीवनगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे विकासनगर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों ने भी इस सफलता पर गर्व जताते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।
विद्यालय के निदेशक कर्नल कादिर हुसैन ने कहा कि असद की सफलता यह दर्शाती है कि यदि छात्र सही दिशा में मार्गदर्शन और अनुशासन के साथ मेहनत करें, तो वे किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। निदेशक श्रीमती अजरा हुसैन ने इसे विद्यालय के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि असद ने स्कूल के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
प्रधानाचार्य राणा अलमास ने बताया कि असद शुरू से ही मेधावी, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति गंभीर छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया, जो NDA जैसी परीक्षा में सफलता के लिए बेहद जरूरी होता है।
शिक्षकों ने भी असद की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला देगी।
असद अंसारी की यह सफलता एक मजबूत संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, अगर इरादे बुलंद हों और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है।