जनपद देहरादून के चकराता क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक आरोपी को अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
कोतवाली चकराता पुलिस टीम ने गुरुवार को टाइगर फॉल पियातरा रोड पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पदमु (46) पुत्र गद्दी, निवासी ग्राम सुजोऊ, चकराता के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब व अन्य नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।