देहरादून, 18 मई। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जन मिलन/जन दर्शन कार्यक्रम में 300 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। भूमि विवाद, अवैध कब्जा, राशन कार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कई मार्मिक मामले सामने आए। प्रेमनगर के सुरेश कुमार ने बेटे-बहू द्वारा घर से निकाले जाने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं संपत्ति विवाद के एक अन्य मामले में जांच के आदेश दिए गए। सभांवाला निवासी शिवानी ने मशीन खरीदने के लिए लिए गए ऋण पर सब्सिडी न मिलने और कुर्की नोटिस की समस्या उठाई, जिस पर डीएम ने राहत दिलाने के निर्देश दिए। तलाकशुदा महिला ममता रानी के राशन कार्ड न बनने के मामले में जिला पूर्ति अधिकारी से दो दिन में रिपोर्ट मांगी गई। डालनवाला क्षेत्र में स्थित सैसमै पब्लिक स्कूल के खिलाफ बच्चों के उत्पीड़न और टीसी न देने की शिकायत पर डीएम ने जांच के आदेश दिए।
विधवा समुन पाल द्वारा ई-रिक्शा ऋण चुकाने में असमर्थता जताने पर प्रशासन ने सहायता का भरोसा दिया, जबकि अन्य जरूरतमंदों को इलाज, शिक्षा और फीस माफी के लिए रायफल क्लब और अन्य योजनाओं से मदद दिलाने की बात कही गई।
फतेहपुर ग्रांट में सिंचाई गूल पर अवैध कब्जे की शिकायत पर 23 मई तक रिपोर्ट तलब की गई। वहीं हिमज्योति एन्कलेव में अवैध डेयरी और लिस्ट्राबाद ग्रांट में कूड़ा वाहन की समस्या पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कालसी और चकराता क्षेत्रों में भूमि अभिलेख, प्रमाण पत्र और क्षतिग्रस्त पुलिया जैसी समस्याओं पर भी अधिकारियों को तय समयसीमा में समाधान के निर्देश दिए गए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जन दर्शन जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच है और इसमें प्राप्त हर शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाएगा।