FeaturedUttarakhand News

चेरी किड्स के 17वें वार्षिक समारोह में बच्चों ने कृष्ण लीला का किया शानदार मंचन

देहरादून। चेरी किड्स ने अपना 17वां वार्षिक समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया। समारोह की थीम ‘कृष्ण लीला’ रही, जिसमें विद्यालय के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का सुंदर मंचन कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन कैप्टन सुनील खुराना, प्रधानाचार्या श्रीमती प्रिया खुराना और विद्यालय कोऑर्डिनेटर रक्षा नौटियाल मौजूद रहे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आरआईएमसी से लेफ्टिनेंट कमांडर स्नेहा, श्रीमती खन्ना (पूर्व प्रधानाचार्या, शिशु विहार, ओएनजीसी) तथा सीबीएसई के शिक्षाविद् डॉ. जगदीश चंद्र पंत उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान बच्चों ने बाल कृष्ण की लीलाओं को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। मटकी फोड़, राधा-कृष्ण लीला, कृष्ण-सुदामा की मित्रता, गोवर्धन लीला, कालिया नाग प्रसंग, चौरस क्रीड़ा तथा द्रौपदी चीरहरण जैसे प्रसंगों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के समापन पर राधा-कृष्ण के नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान उपस्थित लोग राधे-कृष्ण की भक्ति और संगीत में सराबोर नजर आए।

सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके अभिनय, नृत्य और मंच कौशल की प्रशंसा की। साथ ही समारोह को सफल बनाने में शिक्षकों के योगदान एवं मेहनत की भी सराहना की गई।

चेरी किड्स का 17वां वार्षिक समारोह बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति उनकी समझ को प्रदर्शित करने वाला यादगार आयोजन रहा। समारोह के सफल आयोजन पर विद्यालय के बच्चों एवं शिक्षकों को बधाई दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button