FeaturedUttarakhand News

चकराता में नाबालिगों से यौन अपराध के दो अलग-अलग मामले दर्ज, एक प्रकरण में प्रधानाध्यापक पर भी आरोप

इलम सिंह चौहान

चकराता (देहरादून), 18 नवंबर।

कोतवाली चकराता क्षेत्र में नाबालिग बच्चियों के साथ यौन अपराध, दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के दो अलग-अलग गंभीर मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों की विवेचना महिला उपनिरीक्षक हेमा बिष्ट को सौंपी गई है।

पहला मामला: दुष्कर्म, धमकी और सबूत मिटाने का आरोप

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धौरा (पोस्ट लाखामंडल) निवासी एक व्यक्ति ने 18 नवंबर को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि ग्राम नाडा, चकराता निवासी तनीष राणा ने उनकी नाबालिग पुत्री के साथ शारीरिक यौन शोषण किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने व बदनाम करने की धमकी दी। शिकायत में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि संबंधित प्रधानाध्यापक ने मामले की सूचना छिपाई और सबूत मिटाने की नीयत से सीसीटीवी रिकॉर्डिंग डिलीट करवाई। पुलिस ने तनीष राणा सहित अन्य संबंधित के खिलाफ मु0अ0सं0 23/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(1), 351(2), 238 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 और 21 के अंतर्गत केस दर्ज किया है।

दूसरा मामला: बहला-फुसलाकर ले जाने और यौन अपराध का प्रयास

इसी दिन एक अन्य मामले में ग्राम क्यावा, चकराता निवासी दिनेश कुमार पुत्र स्व. शीबा दास ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम नागौं निवासी अरमान पुत्र हरदेव दास ने उनकी नाबालिग पुत्रियों को बहला-फुसलाकर ले जाने और उनके साथ यौन अपराध करने का प्रयास किया। विरोध करने या शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारकर फेंकने की धमकी भी दी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अरमान के विरुद्ध मु0अ0सं0 24/2026 के तहत बीएनएस की धारा 62, 137(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7, 8, 11, 12 और 18 के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button