FeaturedUttarakhand News

सहोदया सीनियर बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सैपियंस स्कूल विकासनगर बना विजेता

लक्ष्य पब्लिक स्कूल बाड़वाला रहा उपविजेता, एसएम मेमोरियल स्कूल भाववाला ने हासिल किया तीसरा स्थान

विकासनगर, 21 नवंबर। ब्राइट एंजेल्स स्कूल, जीवनगढ़, विकासनगर के प्रांगण में सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स पछुवादून के तत्वावधान में दो दिवसीय सहोदया सीनियर बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। 20 एवं 21 नवंबर को आयोजित प्रतियोगिता में पछुवादून क्षेत्र के 25 विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सैपियंस स्कूल विकासनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि लक्ष्य पब्लिक स्कूल बाड़वाला उपविजेता और एसएम मेमोरियल स्कूल भाववाला तीसरे स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता का शुभारंभ कैम्ब्रिज स्कूल एवं लक्ष्य पब्लिक स्कूल के बीच रोमांचक मुकाबले से हुआ। मेजबान ब्राइट एंजेल्स स्कूल का पहला मुकाबला द्रोणा पब्लिक स्कूल के साथ हुआ, जिसमें ब्राइट एंजेल्स स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, खेल कौशल एवं आत्मविश्वास का परिचय देते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता नॉकआउट आधार पर आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक मुकाबला टीमों के लिए महत्वपूर्ण रहा।

कड़े मुकाबलों के बाद चार टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहला सेमीफाइनल लक्ष्य पब्लिक स्कूल बाड़वाला एवं एनफील्ड स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें लक्ष्य पब्लिक स्कूल ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में सैपियंस स्कूल विकासनगर ने एसएम मेमोरियल स्कूल भाववाला को बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

तृतीय स्थान के लिए एसएम मेमोरियल स्कूल भाववाला एवं एनफील्ड स्कूल के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें एसएम मेमोरियल स्कूल ने जीत हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सैपियंस स्कूल विकासनगर एवं लक्ष्य पब्लिक स्कूल बाड़वाला के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल कौशल, जोश एवं मेहनत का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में सैपियंस स्कूल विकासनगर ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि लक्ष्य पब्लिक स्कूल बाड़वाला उपविजेता रहा।

प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं सफल बनाने में रेफरी रणबीर सिंह तोमर, ऋषभ तोमर, नितेश चौहान एवं वैभव चौहान का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी सुहेल पासा, जीवनगढ़, विकासनगर एवं विद्यालय के निदेशक कर्नल कादिर हुसैन ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, धैर्य एवं नेतृत्व जैसे गुण विकसित होते हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या राणा अलमास ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों का भी विद्यार्थियों के जीवन में विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है, लेकिन खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने विद्यालय, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में पंजाब सिंह, खुशीराम जोशी, मधुबर्मन, प्रीति नेगी, विनय, आयुषी, वंशिता, चंबेल, नवोदित, विदियां सेठी, मोहित, मनप्रीत, निष्ठा, डिंपल सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा।

अंत में विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी 25 विद्यालयों, प्रशिक्षकों, खेल शिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के साथ-साथ आपसी सहयोग, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button