लाखामंडल, 5 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से लाखामंडल निवासी भाजपा नेत्री श्रीमती बचना शर्मा को भाजपा किसान मोर्चा में विशेष आमंत्रित सदस्य का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। इस नियुक्ति के बाद लाखामंडल सहित आसपास के क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।
श्रीमती बचना शर्मा इससे पूर्व भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं। यह दायित्व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी द्वारा प्रदान किया गया।
नियुक्ति के बाद बचना शर्मा ने कहा कि यह सम्मान उन्हें देहरादून ग्रामीण जिले के किसानों, गरीबों और महिलाओं की सेवा के लिए मिला है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों एवं मार्गदर्शन पर चलते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ तथा अंत्योदय की भावना को हर घर तक पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।
प्रदेश स्तर पर दायित्व मिलने की सूचना के बाद लाखामंडल और आसपास के गांवों में कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर तथा फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि बचना शर्मा लंबे समय से जमीनी स्तर पर किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को उठाती रही हैं। उनका मानना है कि प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र की समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि बचना शर्मा के नेतृत्व में किसान मोर्चा और अधिक सशक्त होगा तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। इस अवसर पर बचना शर्मा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं क्रीड़ा भारती, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री जोगिंदर सिंह पुंडीर तथा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी का आभार व्यक्त किया।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने भी विश्वास जताया कि उनके दायित्व संभालने से किसान, गरीब और महिलाओं के हितों को संगठन में और अधिक मजबूती मिलेगी।