देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13.43 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं और वह जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर क्षेत्र में पुलिस टीमों ने चेकिंग के दौरान कार्रवाई की।
सहसपुर में 7.85 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तारी
थाना सहसपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान काली मंदिर केदारावाला के पास से आदर्श पुत्र स्व. जयपाल, निवासी केदारावाला, थाना सहसपुर, उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 7.85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 9,870 रुपये नगद भी बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना सहसपुर में मु0अ0सं0 262/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
विकासनगर में 5.58 ग्राम स्मैक बरामद
वहीं, कोतवाली विकासनगर पुलिस ने देहरादून-पोंटा राजमार्ग से कुंजा जाने वाले मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय के पास चेकिंग के दौरान इश्तकार पुत्र स्व. अल्ताफ, निवासी कुंजा ग्रांट, कोतवाली विकासनगर, उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से 5.58 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 312/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में इश्तकार के पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जाने की जानकारी सामने आई है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में आबकारी अधिनियम, वर्ष 2020 में गौवंश अधिनियम एवं भादवि की धाराओं तथा वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
दून पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।