देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने भाजपा पर अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन घेराव में जनता सरकार को करारा जवाब देगी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित तैयारी बैठक में प्रीतम सिंह ने कहा कि धामी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने महिला अपराध, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन ज्वलंत मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। प्रीतम सिंह ने भूमि आवंटन, जॉर्ज एवरेस्ट संपत्ति, खनन और भू-माफिया जैसे मामलों पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गंभीर मामलों से जुड़े लोगों को लाभ पहुंचा रही है, जो उसके दोहरे चरित्र को दर्शाता है। बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रावत ने दावा किया कि 16 फरवरी का राजभवन कूच राज्य गठन के बाद सबसे बड़ा आंदोलन साबित होगा। कांग्रेस नेताओं ने अधिक से अधिक लोगों को कूच में शामिल करने का आह्वान किया।