Featured

जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 201 शिकायतों पर सुनवाई

इलम सिंह चौहान 

देहरादून कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दरबार में सोमवार को फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी… संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 201 शिकायतें दर्ज की गईं… जिनमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, बुजुर्ग उत्पीड़न, हाईटेंशन लाइन, पेयजल संकट और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले प्रमुख रहे… प्रशासन ने कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में कई बुजुर्ग अपनी पारिवारिक प्रताड़ना और संपत्ति विवाद की शिकायत लेकर पहुंचे… बीमार बुजुर्ग घनश्याम भण्डारी ने बेटे पर दुकान और मकान कब्जाने का आरोप लगाया… वहीं कैंसर पीड़ित 80 वर्षीय किस्मत सिंह ने बेटी-दामाद पर धोखाधड़ी से जमीन और मकान हड़पने की शिकायत की। प्रशासन ने दोनों मामलों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए…

आमवाला निवासी विधवा मुन्नी देवी ने बहू-बेटे पर मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया, जिस पर एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए… वहीं गोदम्बरी देवी ने पति द्वारा उत्पीड़न और आधी पेंशन दिलाने की मांग रखी।

जनता दरबार में हाईटेंशन लाइन से जुड़े मामलों को भी गंभीरता से लिया गया… ग्राम खाला में झुके बिजली के खंभों और किद्दूवाला स्कूल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर यूपीसीएल और नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मोहकमपुर, भोगपुर, सोरना, रुद्रपुर और माजरी क्षेत्र से अतिक्रमण, जलभराव और कृषि भूमि कटाव की शिकायतें भी सामने आईं… प्रशासन ने संबंधित विभागों को मौके पर जांच कर समाधान करने को कहा।

आर्थिक सहायता के मामलों में भी कई लोग जनता दरबार पहुंचे… किसी ने बेटी की शादी के लिए मदद मांगी तो किसी ने बच्चों की फीस माफी और मकान मरम्मत के लिए प्रशासन से गुहार लगाई…

वहीं जनसुनवाई में नगर निगम, पशुपालन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है…

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button