FeaturedUttarakhand News

रायपुर के विष्णु लोक में तिहरे हत्याकांड पर धस्माना ने पुलिस को घेरा

दीपक सैलवान।

बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के विष्णु लोक में दिनदहाड़े हुए तिहरे हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस को जमकर घेरा। हत्याकांड के बाद कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे धस्माना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस घटना से पूरा प्रदेश दहल गया है और आम जनमानस का पुलिस तथा राज्य सरकार से भरोसा डगमगा गया है।

धस्माना ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि देहरादून की वरिष्ठ भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट के महज एक सप्ताह के भीतर लूट के इरादे से तिहरे हत्याकांड की घटना सामने आना अपराधियों के बढ़े हुए मनोबल और पुलिस की नाकामी का ज्वलंत उदाहरण है।

उन्होंने कोरोनेशन अस्पताल से ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल से फोन पर कानून व्यवस्था को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की। धस्माना ने कहा कि इतनी बड़ी आपराधिक घटना के बाद अस्पताल में तीन शव पड़े हैं, लेकिन मौके पर एक भी वरिष्ठ अधिकारी का मौजूद न होना बेहद गंभीर स्थिति है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सरकार को इस तरह की घटनाओं पर गंभीरता से जवाब देना चाहिए। धस्माना ने घोषणा की कि वह बुधवार को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और मुख्य सचिव से मुलाकात कर कांग्रेस की ओर से इस मामले में मांग पत्र सौंपेंगे। उन्होंने पुलिस और सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button