FeaturedUttarakhand News

पैसों के लेन-देन के विवाद में बुजुर्ग दंपती समेत तीन की हत्या, प्लंबर गिरफ्तार

दीपक सैलवान।

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजकुमार प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। घटना वाले दिन भी बुजुर्ग दंपती ने उसे प्लंबिंग के काम के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने पेचकस से हमला कर बुजुर्ग दंपती की हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची नौकरानी पर भी आरोपी ने पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मंगलवार 6 अक्टूबर को अपराह्न करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना रायपुर को तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक घर में चोरी किए जाने और आरोपी को स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। पूछताछ में उसके द्वारा घर में रहने वाले बुजुर्ग दंपती और एक महिला पर पेचकस से हमला करने की बात सामने आई।

पुलिस ने घर के अंदर लहूलुहान और अचेत अवस्था में पड़े बुजुर्ग दंपती व महिला को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक एवं फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए साक्ष्य जुटाए।

मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिए गए आरोपी राजकुमार को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस अन्य सीसीटीवी फुटेज की भी गहनता से जांच कर रही है।

दो साल से करता था प्लंबिंग का काम पुलिस पूछताछ में आरोपी राजकुमार ने बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग के काम के लिए आता-जाता था। घटना वाले दिन भी उसे दंपती ने काम के लिए बुलाया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसकी बुजुर्ग दंपती से कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने अपने पास रखे पेचकस से दोनों पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला बुजुर्ग दंपती की आवाज सुनकर वहां पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतकों का विवरण

रजनी कपूर (75) पत्नी रमेश चंद्र कपूर, निवासी लेन नंबर-2, विष्णुलोक कॉलोनी, तपोवन रोड,रायपुर, देहरादून।

रमेश कपूर (80) पुत्र स्व. द्वारिका दास कपूर, निवासी उपरोक्त।

तिलया देवी उर्फ शीला (48) पत्नी स्व. पवन राम, निवासी बिहारी बस्ती, विद्या विहार, थाना रायपुर, देहरादून। (नौकरानी)

गिरफ्तार अभियुक्त

राजकुमार पुत्र वीरेन्द्र सिंह, निवासी इन्द्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास, थाना कोतवाली नगर, देहरादून। मूल निवासी बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button