विकासनगर। क्षेत्र के किसानों के लिए स्प्रिंकलर आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना की सौगात मिली है। लगभग 1611.88 लाख रुपये की लागत से तैयार इस योजना का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने प्राथमिक विद्यालय लांघा में आयोजित कार्यक्रम में किया।
विधायक ने कहा कि ‘ईच ड्रॉप मोर क्रॉप’ यानी बूंद-बूंद के सदुपयोग का संकल्प देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की अपनी तरह की यह पहली अभिनव स्प्रिंकलर आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होगी।
इस योजना से पपड़ियांन, तोली भूड़, लांघा और पष्टा (लोअर पीपलसार व अपर रुद्रपुर क्षेत्र) के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ कृषि उत्पादन बढ़ने और किसानों की आय में सकारात्मक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नारायण ठाकुर, विभिन्न ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार योजना से क्षेत्र में आधुनिक सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और खेती को नई दिशा मिलेगी।