FeaturedUttarakhand News

आधुनिक कृषि यंत्रों से बदली किसान की तकदीर

इलम सिंह चौहान 

देहरादून के सहसपुर विकासखंड में एक किसान ने आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर खेती की तस्वीर बदल दी है। ग्राम कैचीवाला निवासी प्रगतिशील किसान बेनी सिंह आज क्षेत्र के किसानों के लिए मिसाल बन गए हैं। कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने खेती को आसान, तेज और लाभकारी बना दिया है।

करीब 40 बीघा भूमि पर खेती करने वाले बेनी सिंह को कृषि विभाग की “सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन” योजना के तहत रीपर कम बाइन्डर मशीन पर 2 लाख 57 हजार रुपये का अनुदान मिला। इसके साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत उन्नत किस्म का गेहूं बीज भी उपलब्ध कराया गया।

उन्नत बीज और वैज्ञानिक खेती के जरिए गेहूं की पैदावार बेहतर हुई, वहीं रीपर कम बाइन्डर मशीन ने कटाई का पूरा तरीका बदल दिया। पहले जहां फसल कटाई में 6 से 7 दिन और प्रति बीघा करीब 1300 रुपये खर्च होते थे, अब वही काम सिर्फ एक दिन में पूरा हो रहा है और लागत भी कम हुई है।

बेनी सिंह ने अपनी खेती के अलावा आसपास के किसानों की करीब 120 बीघा फसल की कटाई भी मशीन से की, जिससे उन्हें लगभग 1 लाख 8 हजार रुपये की अतिरिक्त आय हुई।

आज बेनी सिंह आधुनिक कृषि यंत्रों और नई तकनीकों के जरिए न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों को भी यंत्रीकृत खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button