विकासनगर : संत निरंकारी सत्संग भवन में रविवारीय सत्संग आयोजित विकासनगर के जीवनगढ़ स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में रविवार को रविवारीय सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर देहरादून से पहुंचे संयोजक महात्मा नरेश कुमार बिरमानी ने साध संगत को संबोधित करते हुए सतगुरु की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सतगुरु उस मल्लाह के समान हैं जो जीवन रूपी सागर में भटके मानव को सही मार्ग दिखाकर पार लगाते हैं। उनके अनुसार परमात्मा का सच्चा बोध पूर्ण सतगुरु के माध्यम से ही संभव है, जिसकी पुष्टि वेद-पुराण, रामायण, महाभारत सहित विभिन्न धार्मिक ग्रंथों में भी मिलती है। उन्होंने सतगुरु के संदेश — पहले ईश्वर को जानो, फिर मानो — को जीवन में उतारने पर जोर दिया। महात्मा बिरमानी ने गृहस्थ जीवन में रहते हुए मानवता की सेवा, आपसी प्रेम और सहयोग की भावना को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सतगुरु के संदेश में व्यवहारिक जीवन का मार्गदर्शन छिपा होता है, जिससे व्यक्ति अपने कार्यों और आचरण से समाज में सकारात्मक संदेश दे सकता है।
सत्संग के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जल स्रोतों की सफाई जैसे विषयों पर भी बल दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अवसर तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। कार्यक्रम में उपस्थित संगत को आपसी प्रेम, सद्भाव और समाज सेवा के लिए प्रेरित किया गया।