FeaturedUttarakhand News

35 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

उधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 105 ग्राम हेरोइन बरामद

उत्तराखंड में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पुलभट्टा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक तस्कर को करीब 35 लाख रुपये की स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद आकिल पुत्र मोहम्मद शाकिर निवासी कोतवाली सितारगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 105 ग्राम स्मैक बरामद की है।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक महीने में जिले में 55 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब ढाई करोड़ रुपये कीमत के नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र से सस्ते दामों पर स्मैक खरीदकर उत्तराखंड में महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

एसएसपी ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी और अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति को जब्त किया जाएगा। फिलहाल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button