विकासनगर के जीवनगढ़ स्थित ब्राइट एंजल्स स्कूल में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और विचारों को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद औपचारिक रूप से आयोजन का शुभारंभ किया गया। इस दौरान छात्रा चारु ने हिंदी में डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला,
जबकि इश्मा ने अंग्रेजी में उनके विचारों और आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रशुन गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की उन्नति का मूल आधार है, जिसे डॉ. अंबेडकर ने अपने जीवन से सिद्ध किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विद्यालय के निदेशक कर्नल कादिर हुसैन ने डॉ. अंबेडकर के योगदानों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी।
उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे “शिक्षित बनो, संगठित रहो और जागरूक बनो” के संदेश को अपने जीवन में उतारें। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण—तबस्सुम खान, प्रदीप कौर, लतिका मल्होत्रा, प्रशांत गुप्ता, विनय गुप्ता, पंजाब सिंह, खुशीराम जोशी, प्रीति नेगी, अभिमन्यु, सपना भारद्वाज, मनीष रावत, श्रुति, दिव्या अग्रवाल, बिन्ना अरोड़ा, संगीता सैनी, संगीता बाली, सुंदला चौहान सहित 29 बटालियन की एएनओ सोनी राणा मौजूद रहे। कार्यक्रम में 29 बटालियन के छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। समापन पर सभी छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण प्रेरित और उत्साहित नजर आए।