FeaturedUttarakhand News

ग्राम कोटी के महासू महाराज मंदिर में चोरी, चार डोरियाँ गायब — ग्रामीणों में रोष

कालसी (देहरादून)।
खत विशायल क्षेत्र के ग्राम कोटी स्थित प्रसिद्ध महासू महाराज मंदिर में बीती रात चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखी महाराज की चार डोरियाँ चुरा लीं, जबकि अन्य सामान के भी चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मंदिर परिसर की सजावट और धार्मिक सौन्दर्य भी प्रभावित हुआ है।

चोरी की जानकारी सुबह मंदिर समिति को हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। महासू मंदिर समिति कोटी और समस्त खत विशायल वासियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर उनकी आस्था का केंद्र है और इस तरह की घटनाएँ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाती हैं। समिति व ग्रामीण स्वयं भी चोरी हुए सामान और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।

मंदिर समिति के प्रतिनिधि सरदार सिंह वजीर (सरदार सिंह चौहान) ने थाना कालसी में प्रार्थना-पत्र देकर पुलिस से शीघ्र कार्रवाई, आरोपियों की धरपकड़ तथा चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मंदिर परिसर व आस-पास के क्षेत्रों में देर रात की गतिविधियों की जानकारी एकत्र की जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों पर तत्काल कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button