हरबर्टपुर की प्रिशा सिंह ने पेंचक सिलाट में जीता रजत पदक
इलम सिंह चौहान
विकासनगर/हरबर्टपुर। कर्नाटक के कोप्पल शहर में आयोजित 13वीं सब-जूनियर, जूनियर और प्री-टीन राष्ट्रीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में हरबर्टपुर की नन्हीं खिलाड़ी प्रिशा सिंह (पुत्री श्री महेंद्र सिंह, उत्तराखंड पुलिस) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड के लिए रजत पदक हासिल किया।
सिर्फ 13 वर्ष की प्रिशा, विकासनगर स्थित सेपियंस स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा हैं। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने यह साबित कर दिया है कि “Once a champion, always a champion”।
प्रदेशवासियों में खुशी
प्रिशा की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों ने गर्व जताते हुए उन्हें ढेर सारी बधाइयाँ दीं। उनका कहना है कि प्रिशा ने प्रदेश के लिए एक मिसाल कायम की है। सभी को उम्मीद है कि वह आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
परिवार और विद्यालय गर्वित
प्रिशा की सफलता पर उनके माता-पिता तथा विद्यालय प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा है और आने वाली पीढ़ी को खेलों की ओर आकर्षित करेगी।