FeaturedUttarakhand News

यमुना मसूरी पेयजल पंपिंग योजना से जुड़ेगा बाजार, सड़क खोदने पर सहमति बनी।

यमुना मसूरी पेयजल पंपिंग योजना से जुड़ेगा बाजार, सड़क खोदने पर सहमति बनी।

मसूरी। यमुना मसूरी पेयजल पंपिंग योजना के तहत मसूरी के सबसे पुराने और ऐतिहासिक लन्ढौर बाजार में 9 फरवरी से कार्य शुरू कर दिया जाएगा ताकि इस क्षेत्र को शीघ्र यमुना का पानी उपलब्ध हो सके। इसको लेकर पेयजल निगम के अधिकारियों और बाजार के व्यापारियों के बीच एक बैठक का आयोजन किया गया

जिसमें तय किया गया कि 9 फरवरी से लेकर एक मार्च तक बाजार में पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। जिसको लेकर अधिकारियों ने ठेकेदार को भी जरूरी दिशा निर्देश दिए ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके।
बैठक में व्यापारियों ने यमुना पेयजल लाइन का कार्य बाजार में तय समय पर कार्य करने को लेकर अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया और कई सुझाव भी दिए। जिस पर अधिकारियों द्वारा अमल करने की बात कही गई। कार्य के दौरान बाजार में वाहनों की आवाजाही भी नहीं होगी व सभी वाहन साउथ रोड से आयेगे व जायेंगे। इस रोड पर वाहनों को परेशानी न हो इसके लिए साउथ रोड पर वाहनों को पार्क नहीं होने दिया जायेगा। ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। इस बारे में जानकारी देते हुए पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता संदीप कश्यप ने बताया कि यह बाजार बहुत संकरा है और यहां पर जेसीबी मशीन लगाकर खुदाई करना संभव नहीं है इसलिए हिलटी से खुदाई की जाएगी और तय समय सीमा पर कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंढौर में टैंक तक मेन लाइन बिछायी जा चुकी है लेकिन बाजार में लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए सर्विस लाइन बिछायी जानी है जिसके लिए बाजार के व्यापारियों के साथ बैठक की गई जिसमें सभी ने सहमति दी है। इसका कार्य 9 फरवरी से शुरू कर दिया जायेगा। मसूरी व्यापार मंडल के महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने कहा कि विद्युत विभाग और पेयजल निगम द्वारा एक ही समय पर कार्य शुरू किया जाएगा ताकि बाजार को बार-बार खुदाई से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा इसका पूर्ण सहयोग किया जाएगा। लंढौर विकास समिति के अध्यक्ष रवि गोयल ने कहा कि बाजार वालों के साथ बैठक सकारात्मक रही व पेयजल निगम से कहा गया कि तय समय सीमा एक मार्च तक लाइन का कार्य पूरा कर दें। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि इसके साथ ही बिजली के अंडर ग्राउड का कार्य भी किया जायेगा लेकिन यह कार्य अभी गुरूद्वारा चौक से चंदाकिरन तक ही होना है, उन्होंने कहा कि जब घंटाघर तक लाइन के लिए सड़क खुदनी है तो बिजली विभाग को चाहिए कि घंटाघर तक बिजली की लाइन भूमिगत की जाय ताकि सड़क को बार बार न खोदना पडे। स्थानीय व्यापारी संदीप अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों द्वारा पूरा सहयोग किया जा रहा है और इस योजना से शहर में पानी की कमी पूरी हो जाएगी। उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि पेयजल निगम द्वारा पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है और आने वाले समय में मसूरी में पानी की किल्लत नहीं होगी। इस संबंध में पूछने पर विद्युत विभाग के एसडीओ पंकज थपलियाल ने बताया कि इस बार गुरूद्वारा चौक के गणेश होटल के समीप से विद्युत लाइन भूमिगत करने का कार्य शुरू किया जायेगा जो चंदाकिरन तक होगा लेकिन आगे केलिए अभी बजट का प्रावधान नहीं है लेकिन प्रयास किया जायेगा कि वर्ष 2024 – 25 के बीच इस कार्य को घंटाघर तक पूरा किया जाय। इसके लिए विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता की जायेगी। इस मौके पर जल निगम के सहायक अभियंता विनोद रतूड़ी, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अमित कुमार, सहायक अभियंता टीएस रावत, व्यापार संघ के उपाध्यक्ष अतुल अग्रवाल, सुनील बख्शी, अश्विनी मित्तल, प्रवेश पंवार, रवि गोयल, आशु वर्मा, सहित व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button