देहरादून, 28 जुलाई। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के बैनर तले नगर निगम देहरादून परिसर में सफाई कर्मचारियों का धरना सोमवार को लगातार नौवें दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एवं संरक्षक चौधरी नरेश वैध, नगर निगम शाखा अध्यक्ष सोनू खैरवाल तथा धीरज भारती ने कहा कि नगर आयुक्त ने यूनियन प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया था। वार्ता के दौरान नगर आयुक्त की ओर से जल्द ही सचिव शहरी विकास, मंत्री तथा मुख्यमंत्री से बातचीत कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन यूनियन ने कहा कि केवल मौखिक आश्वासन पर्याप्त नहीं है और लिखित आश्वासन मिलने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
धरने को सामान्य कर्मचारी यूनियन एवं वाहन चालक यूनियन ने भी समर्थन दिया। संयुक्त मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम एक ज्ञापन भेजा गया, जिसमें कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की गई।
यूनियन ने घोषणा की कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 30 जुलाई 2026 से तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारी अपने-अपने वार्डों एवं कार्यक्षेत्रों में उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज कराएंगे, लेकिन सफाई कार्य नहीं करेंगे।
धरने में मुख्य रूप से यूनियन के उपाध्यक्ष विनोद कुमार, महिला विंग अध्यक्ष आरती, अरुण कुमार, पप्पू, रिंकू, सत्येंद्र, शिवानी, तेजपाल, शुभम सौदेय, रोहित कुमार, प्रवेश गौतम, संजय सैलवन, विमला देवी, छाया देवी, सोना, गौरव कुमार, निर्मला देवी, प्रमिला देवी, सुशीला देवी सहित सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी एवं पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।
यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।