FeaturedUttarakhand News

दून पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज, चार गिरफ्तार

दीपक सैलवान।

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.55 ग्राम स्मैक, 863 ग्राम चरस और 52 ट्रेटा पैक यानी एक पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया।

रायवाला में स्मैक के साथ गैंगस्टर गिरफ्तार

रायवाला पुलिस ने 27 अक्टूबर को रिजेन्टा होटल के पास गश्त के दौरान राम दुबे (30) निवासी हरिपुरकला, रायवाला को 5.55 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर सीज की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक राम दुबे पूर्व में चोरी, लूट, डकैती सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ हरिद्वार जनपद में गैंगस्टर एक्ट सहित आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें ज्वालापुर थाने में चोरी, लूट व अन्य धाराओं के मुकदमे तथा एनडीपीएस एक्ट का मामला भी शामिल है।

विकासनगर में 863 ग्राम चरस बरामद

विकासनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गुरद्वीप (20) निवासी शिमला और राजेन्द्र (35) निवासी शिमला को 306 ग्राम चरस तथा तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी के साथ पकड़ा गया। वहीं ढालीपुर क्षेत्र से इन्तजार (36) निवासी ढालीपुर, विकासनगर को 557 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने कुल 863 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।

क्लेमेनटाउन में देशी शराब बरामद

क्लेमेनटाउन पुलिस ने 28 अक्टूबर को दूधली रोड स्थित परी एनक्लेव के पास चेकिंग के दौरान वहीद खान (48) निवासी रेतावाला, नागल बुलंदवाला, दूधली को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 52 ट्रेटा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button