रोड के किनारे निर्माण सामग्री पडी होने से दुर्घटना का खतरा बढा।
मसूरी। पर्यटन नगरी में मुख्य मार्गों सहित संपर्क मार्गो पर भवन निर्माण सामग्री डालने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विगत दिनों जिलाधिकारी ने भी लोनिवि को सख्त आदेश दिए थे जिस पर उन्होंने मलवा हटा दिया लेकिन इन दिनों फिर से रोडो के किनारे निर्माण सामग्री डाली जा रही है।
मैसानिक लॉज किंक्रेग मुख्य मार्ग, पुराना टिहरी बस स्टैण्ड से वुड स्टाक स्कूल जाने वाला मार्ग हो या अन्य संपर्क मार्ग सभी पर निर्माण सामग्री डाली जाने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोड के किनारे बजरी होने से दुपहिया वाहन फिसल रहे हैं, वहीं रोड संकरी होने से दुर्घटना का खतरा भी बढ रहा है। विगत दिनों जिलाधिकारी सोनिका सिंह ने लोक निर्माण विभाग को कड़े निर्देश दिए थे कि रोड किनारे कहीं भी निर्माण सामग्री नहीं होनी चाहिए व जिनकी है उनका चालान किया जाय या सामान जब्त कर लिया जाय। उसके बाद लोक निर्माण विभाग ने सभी रोडो से निर्माण सामग्री हटवा दी थी लेकिन इन दिनों फिर से रोडो के किनारे निर्माण सामग्री जमा होने से परेशानी हो रही है। मैसानिक लॉज बस स्टेण्ड से किंक्रेग मार्ग पर कई जगह निर्माझा सामग्री पड़ी है वहीं पुराना टिहरी बस स्टैण्ड से आगे वुडस्टाक स्कूल जाने वाले मार्ग पर भी यहीं हाल है वही अन्य संपर्क मार्ग जो लोनिवि के अधीन है इसी तरह निर्माण सामग्री डाली जा रही है। इस संबंध में नायब तहसीलदार राजेंद्र रावत ने कहा कि वह तत्काल लोनिवि को निर्माण सामग्री हटाने के लिए कहंेंगे वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि वह तत्काल विभाग के सहायक अभियंता को निर्माण सामग्री हटाने के लिए कहेंगे ताकि रोड पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो व जनता को परेशानी न हो।