एमपीजी कालेज की समस्याओं को लेकर प्रधानाचार्य का घेराव कर ज्ञापन दिया।
मसूरी। एमपीजी कालेज की समस्याओं को लेकर एनएसयूआई व छात्र संघ ने प्रधानाचार्य का घेराव किया व ज्ञापन देकर मांग की कि अगर तीन दिनों के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कालेज परिसर में एक दिवसीय अनशन किया जायेगा व आंदोलन किया जायेगा।
एमपीजी कालेज छात्रस्ंघ अध्यक्ष प्रिंस व एनएसयूआई अध्यक्ष नवीन शाह के नेतृत्व में छात्रों ने कालेज प्रांगण में प्रदर्शन किया व नारेबाजी के साथ प्रधानाचार्य डा. सुनील पंवार का उनके कार्यालय में जाकर घेराव किया व एक छह मांगों को लेकर ज्ञापन दिया जिसमें मांग की गई कि द्वितीय सेमेस्टर चतुर्थ सेमेस्टर, एव छह सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित किया जाय, छात्राओं के शौचालय में साफ सफाई की व्यवस्था के साथ ही पानी की व्यवस्था की जाय, कालेज में पढाई की व्यवस्था की जाय, शिक्षकों की कमी को दूर किया जाय, कक्षा कक्षों की सफाई की व्यवस्था की जाय। इस मौके पर छात्र संघ अध्यक्ष प्रिंस ने कहा कि कालेज में कई समस्यायें लंबे समय से लंबित हैं जिस पर बार बार कालेज प्रशासन को अवगत कराया गया लेकिन उसका समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी है, कक्षाओं की साफ सफाई नहीं हो रही, पढाई नहीं हो रही, परीक्षा परिणाम नहीं जारी किए जा रहे जबकि अन्य कालेजों के परीक्षा परिणाम आ चुके हैं। जब परीक्षा परिणाम नहीं आया तो 20 दिसंबर प्रवेश की अंतिम तिथि है ऐसे में छात्र का भविष्य अंधकार में हो रहा है। वहीं सत्तारूढ पार्टी का भी ध्यान कालेज के हित में नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि तीन दिनों के अंदर अगर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह कालेज परिसर में अनशन करेंगे व उग्र आंदोलन करेंगे जिसका जिम्मेदार कालेज प्रशासन होगा। इस संबंध में प्रधानाचार्य डा. सुनील पंवार ने कहा कि छात्रों ने एक ज्ञापन दिया है जिसमें परीक्षा परिणाम की बात की है इसके लिए कालेज लगातार विश्वविद्यालय से संपर्क बनाये हुए है व एक सप्ताह के अंदर परिणाम जारी कर दिए जायेगें। वहीं कालेज में शिक्षकों की कमी है लेकिन संविदा पर शिक्षक रखे गये है जो पढ़ा रहे हैं, पुस्तकों की कमी है एनईपी के तहत नई पुस्तकें मंगाई जायेगी, साफ सफाई की बात है तो आस पास निर्माण कार्य चल रहे हैं जिससे गंदगी हो रही है इसके लिए कालेज एनएसएस के तहत सफाई की जायेगी जिसमें शिक्षक व स्टाफ भी भाग लेगा। वहीं छात्राओं के शौचालय की सफाई की जायेगी व पानी की कमी को दूर किया जायेगा। इस मौके पर एनएसयूआई अध्यक्ष नवीन शाह, जगपाल गुसाई, प्रदीप रावत, विकास, आकाश, शिवम, अनुज, राहुल, अभय, हिमांसी, संगीता, कल्पना, मुस्कान, प्रेरणा, लक्ष्मी, आदि मौजूद रहे।