दीपक सैलवान।
देहरादून। मोहब्बेवाला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। 20 सितंबर को मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए 21 सितंबर को जिलाधिकारी देहरादून और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने संयुक्त रूप से राजमार्ग एवं दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का जायजा लिया। मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को दुर्घटनाओं की विस्तृत एवं तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने सड़क इंजीनियरिंग, ब्लैक स्पॉट, ओवर स्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन समेत दुर्घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं का तकनीकी विश्लेषण कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही वाहन चालकों को सावधानी के प्रति जागरूक करने के लिए राजमार्ग पर बड़े साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मौके पर रंबल स्ट्रिप ब्रेकर लगाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तैयार कार्ययोजना का तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र में सड़क हादसों को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी, प्रशासन, एनएचएआई, आरटीओ और पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।