दीपक सैलवान
देहरादून। सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई जारी है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने ओएसिस मॉल परिसर में शराब के नशे में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात थाना नेहरू कॉलोनी को सूचना मिली कि ओएसिस मॉल परिसर में एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर जोमेटो डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी जोगीवाला से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मौके पर एक व्यक्ति को डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए पाया।
पुलिस टीम ने जब आरोपी को समझाने का प्रयास किया तो वह और अधिक उग्र हो गया और डिलीवरी बॉय के साथ दोबारा मारपीट का प्रयास करने लगा। मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ओएसिस मॉल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्य करता है। शराब के नशे में डिलीवरी बॉय के साथ हुई बहस के दौरान उसने उसके साथ मारपीट की थी।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महेंद्र सिंह पुत्र स्व. कुला राम, निवासी डी-22, सेक्टर-3, डिफेंस कॉलोनी, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है।
दून पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।