FeaturedUttarakhand News

भूट गांव मौत मामला: FSL रिपोर्ट से हुआ खुलासा, जहरीली गैस से गई तीन युवाओं की जान

इलम सिंह चौहान 

सीएम हेल्पलाइन शिकायत के बाद जांच पूरी, परिजनों को भी दी गई जानकारी

देहरादून जनपद के भूट गांव में तीन युवाओं की रहस्यमयी मौत के मामले में अब तस्वीर साफ हो गई है। लंबे समय से हत्या और हादसे के बीच उलझे इस केस में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है।

सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत संख्या CMHL-012026-2-930628 के तहत की गई जांच में सामने आया है कि मृतक प्रकाश और संजय समेत तीनों युवाओं की मौत कार्बन मोनोऑक्साइड विषैली गैस के कारण हुई। पुलिस द्वारा न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत कराए जाने के बाद यह पुष्टि हुई।

जांच अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बिसरा परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद इसे माननीय न्यायालय के समक्ष खोला गया, जिसमें स्पष्ट रूप से गैस के कारण दम घुटने से मौत होना पाया गया। इस संबंध में मृतकों के परिजनों, विशेषकर चचेरे भाई विजय कुमार, को भी अवगत करा दिया गया है।

गौरतलब है कि घटना के बाद क्षेत्र में हत्या की आशंका को लेकर कई सवाल उठे थे, जिसके चलते शिकायतकर्ता द्वारा सीएम हेल्पलाइन में भी मामला उठाया गया था। हालांकि अब वैज्ञानिक जांच के आधार पर यह मामला हादसा साबित हो चुका है।

फिलहाल केस की रिपोर्ट संबंधित विभाग को प्रेषित कर दी गई है और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button