देहरादून, 19 अक्टूबर 2026। डोईवाला क्षेत्र में शोरूम संचालक को मोबाइल पर फर्जी भुगतान दिखाकर स्कूटी ठगने के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई हीरो डेस्टिनी स्कूटी और 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को राहुल अग्रवाल निवासी मिस्सरवाला, डोईवाला ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कुलजीत सिंह सेठी नामक व्यक्ति नई हीरो डेस्टिनी स्कूटी खरीदने के लिए शोरूम पहुंचा और अपने मोबाइल फोन पर फर्जी भुगतान का विवरण दिखाकर स्कूटी लेकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 183/2026, धारा 318(4)/316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पूर्व में ठगी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों की जानकारी जुटाने के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। स्थानीय सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
इसी क्रम में 18 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम ने रिवर वैली, कुआंवाला के पास चेकिंग के दौरान आरोपी कुलजीत सिंह सेठी पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी 48 मोती बाजार, एसबीआई बैंक के पास, पलटन बाजार, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ठगी गई स्कूटी और संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए।
नशे और जुए की लत के चलते की ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे नशे और जुआ खेलने की लत है। पुलिस के मुताबिक, इन आदतों को पूरा करने के लिए वह लोगों को अपनी बातों में फंसाकर ठगी करता था। आरोपी ने कथित तौर पर यह भी बताया कि नशे और जुए की लत के चलते वह अपना मकान तक बेच चुका है और वर्तमान में अपने चाचा के साथ मोती बाजार में रह रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में पहले से भी ठगी और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं तथा वह पूर्व में जेल जा चुका है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक कुलजीत सिंह सेठी के खिलाफ कोतवाली नगर और कोतवाली डालनवाला में पूर्व से मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 के तीन मामले धारा 420/406 भादवि तथा वर्ष 2024 का धारा 498ए/504/506 भादवि का मामला शामिल है। वर्तमान मामले में उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 183/2026 धारा 318(4)/316(2)/317 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
बरामदगी
ठगी की गई हीरो डेस्टिनी स्कूटी 2,500 रुपये नकद
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में व.उ.नि. सचिन पुण्डीर, अ.उ.नि. दरबान सिंह नेगी, अ.उ.नि. ईश्वर सैनी, हेड कांस्टेबल शहबान अली, कांस्टेबल सतबीर सिंह, कांस्टेबल सचिन सैनी, कांस्टेबल सचिन राणा तथा कांस्टेबल नवनीत सिंह (एसओजी देहात) शामिल रहे।