देहरादून, 20 अक्टूबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेशभर में आयोजित की जाने वाली ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ का शुभारंभ 22 अक्टूबर से चार अलग-अलग स्थानों से किया जाएगा। कांग्रेस ने यात्रा के माध्यम से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनता से संवाद और संगठन को मजबूत करने का कार्यक्रम तय किया है। यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पहले दल की न्याय यात्रा 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा स्थित गोलज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ के संयुक्त नेतृत्व में यात्रा रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगी। 23 अक्टूबर को लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा होते हुए रुद्रपुर, 24 अक्टूबर को गदरपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर पहुंचेगी। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ इस दल की यात्रा का समापन होगा।
दूसरे दल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और विधायक लखपत सिंह बुटोला करेंगे। यह यात्रा 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद जोशीमठ और पीपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगी। 23 अक्टूबर को नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को सतपुली, दुगड्डा और कोटद्वार में न्याय यात्रा होगी। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन और बीरोंखाल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी बैठक होगी।
तीसरे दल की कमान चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला संभालेंगे। 22 अक्टूबर को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाली जाएगी। 23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर, 24 अक्टूबर को चकराता विधानसभा क्षेत्र के त्यूनी में न्याय यात्रा के साथ विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर तथा 26 अक्टूबर को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करेंगे।
चौथे दल का नेतृत्व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह, विधायक काजी निजामुद्दीन, विधायक ममता राकेश, विधायक फुरकान अहमद, विधायक रवि बहादुर, विधायक वीरेंद्र कुमार जाति और विधायक अनुपमा रावत करेंगे। 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर से यात्रा शुरू कर हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में कार्यक्रम होंगे। 24 अक्टूबर को खानपुर, मंगलौर और झबरेड़ा, 25 अक्टूबर को भगवानपुर, रुड़की और मंगलौर में न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा का समापन होगा।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा घेराव कार्यक्रम के बाद न्याय यात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी सुविधा के अनुसार विभिन्न न्याय यात्रा कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
महर्षि ने बताया कि न्याय यात्रा में कांग्रेस के सभी विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्य, अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में भाग लेंगे।