विकासनगर, 22 अक्टूबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे “पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने होशियार सिंह बुद्धूमल जैन बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ सहित महिला अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। छात्राओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, सतर्कता तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
पुलिस ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों में किए गए प्रावधानों और उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना घबराए पुलिस से संपर्क करें।
इस दौरान पुलिस की ओर से आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090 (वुमेन पावर लाइन) तथा 181 (महिला हेल्पलाइन) सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस ने कहा कि “पुलिस आपके द्वार” अभियान का उद्देश्य विद्यालयों, आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और उपलब्ध सहायता संसाधनों के प्रति जागरूक करना है।