FeaturedUttarakhand News

14 बीघा वार्ड 6,में भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण, क्षेत्र की सुंदरता और विकास को मिलेगी नई पहचान

ऋषिकेश, 18 अक्टूबर 2026- नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला के वार्ड संख्या 6, 14 बीघा में आज एक भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण एवं वार्ड सभासद श्रीमती बबीता रमोला के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर वार्ड के सम्मानित क्षेत्रवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण ने कहा कि प्रवेश द्वार क्षेत्र की पहचान और सुंदरता का प्रतीक होते हैं। यह द्वार ऋषिकेश एवं मुनि की रेती की सीमा के प्रारंभिक स्थल पर क्षेत्र को एक नई पहचान प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र की सीमाओं पर आवश्यकतानुसार इसी प्रकार के प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा और विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।

वहीं, वार्ड सभासद प्रतिनिधि अजय रमोला ने कहा कि यह भव्य प्रवेश द्वार केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हमारे क्षेत्र की पहचान, गौरव और विकास का प्रतीक है। ऋषिकेश की सीमा से मुनि की रेती क्षेत्र में प्रवेश करते ही यह द्वार क्षेत्र की सुंदरता को बढ़ाएगा और एक सकारात्मक संदेश देगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता, सफाई व्यवस्था सहित अन्य जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने आगे कहा कि वार्ड के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए नगर पालिका अध्यक्ष, सभासद एवं समस्त जनप्रतिनिधि प्रतिबद्ध हैं। जनता के सहयोग से क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड के समस्त सम्मानित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने प्रवेश द्वार के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे वार्ड के विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button