देहरादून। नगर निगम देहरादून की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए शहर की बदहाल सड़कों, लंबित विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने शहीद मेजर विभूति ढोंढियाल के नाम पर प्रस्तावित द्वार का निर्माण अब तक नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति खराब है और जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम से सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और लंबित विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि शहीद मेजर विभूति ढोंढियाल के नाम पर प्रस्तावित द्वार का निर्माण भी जल्द पूरा किया जाना चाहिए। शहीदों की स्मृति से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देना नगर निगम की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में देरी पर भी सवाल उठाते हुए स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उनका कहना है कि नगर निगम की संस्थागत व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित होने से ही जनसमस्याओं का त्वरित समाधान संभव है।
लालचंद शर्मा ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी केवल कर वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरवासियों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। आगामी त्योहारों को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाने तथा पर्यावरण मित्रों के वेतन में प्रस्तावित वृद्धि पर भी आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार ने मलीन बस्तियों में टैक्स व्यवस्था जल्द शुरू करने की मांग की। वहीं प्रदेश कांग्रेस महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल ने कारगी चौक स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड, कारगी ट्रांसफर स्टेशन और हरिद्वार बाईपास क्षेत्र में कूड़े के जमावड़े की समस्या उठाई। उन्होंने कूड़े के नियमित उठान और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता दीप बोहरा, पार्षद कोमल बोहरा, संगीता गुप्ता, मोनिका चौधरी, इरशाद खान, मुकीम अहमद, वीरेंद्र बिष्ट, निखिल कुमार, आयुष गुप्ता, सोमप्रकाश वाल्मीकि, देवेंद्र पाल सिंह, सुरेश कुमार पारचा, सुनील कुमार बांगा, शिव कुमार, नितिन रावत, गुलशन कुमार, सुरेंद्र सूद, नमन कुमार और राजू मेहरा सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।